
श्रम विभाग का सराहनीय अभियान, मारखम ग्रांट में लगा निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, सैकड़ों श्रमिकों ने कराई जांच
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला जाहिद अजुम। उत्तराखंड श्रम विभाग द्वारा प्रदेश भर में श्रमिकों और उनके परिजनों के लिए निशुल्क हेल्थ चेकअप अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मारखम ग्रांट के वार्ड 3 में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रमिकों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और दवाइयां प्राप्त कीं।
कैंप में श्रमिकों के बीपी, शुगर, आंखों की जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य जांच के बाद जल्द ही पात्र श्रमिकों को श्रमिक किट का भी वितरण किया जाएगा, जिससे उनके दैनिक जीवन में और मदद मिल सकेगी।
वार्ड सदस्य कुसुम शर्मा ने कहा कि श्रम विभाग की यह पहल बेहद सराहनीय है। हमारे वार्ड में बड़ी संख्या में श्रमिक वर्ग के लोग रहते हैं जो पैसों के अभाव में अपना इलाज नहीं करा पाते। ऐसे कैंप लगने से उन्हें घर के पास ही मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा मिल रही है। श्रमिक किट मिलने से उन्हें और राहत मिलेगी।
वार्ड सदस्य बसारत अली ने कहा कि श्रमिक हमारे समाज की रीढ़ हैं, दिन-रात मेहनत कर देश को आगे बढ़ाते हैं। उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखना सरकार की जिम्मेदारी है। आज के कैंप में जिस तरह से सैकड़ों श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, उससे पता चलता है कि इस तरह के अभियानों की कितनी जरूरत है। किट वितरण की घोषणा से श्रमिकों में खुशी है।
वार्ड सदस्य शिव प्रसाद ने कहा कि पहले श्रमिकों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता था। अब सरकार द्वारा उनके घर-द्वार पर ही स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। आज वार्ड 3 में लगे इस कैंप से कई जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिला है और जल्द ही किट वितरण होने से उनकी बड़ी मदद होगी।



