
पब्लिक इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान, नुक्कड़ नाटक और रैली से दिया जागरूकता का संदेश
पूर्व अपर शिक्षा निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने कहा—नशा परिवार और समाज को विनाश की ओर ले जाता है
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नगर में जागरूकता रैली निकाली, वहीं संभव कला मंच की टीम ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव एवं शिक्षा विभाग की पूर्व अपर निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही पूरे परिवार और समाज को विनाश की स्थिति में पहुंचा देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने, अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति के संदेश वाली रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। संभव कला मंच की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि नशे की लत किस तरह व्यक्ति के भविष्य, पारिवारिक जीवन और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करती है।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति विषय पर आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों मेघा, आयशा, जिया, आयशा सलीम, वरदान थापा और शिफा को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और नेपाली लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
परिषद के उपाध्यक्ष मोहन खत्री, सुनील जोशी और विद्यालय के प्रबंधक मनोज नौटियाल ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित कीं निशुल्क दवाइयां
कार्यक्रम से पूर्व चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। स्वास्थ्य परीक्षण में डॉ. राकेश, डॉ. नैन्सी, नितिका और माया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के तेजपाल सिंह तथा शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, पूजा जोशी, राधा गुप्ता, ओम प्रकाश काला, अवधेश सेमवाल, विवेक बधानी, सुदेश सहगल, तेजवीर सिंह, श्यामानंद, विदुषी, अर्चना पाल, आफरीन अंसारी और प्रिया दीपक पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



