
बुल्लावाला गांव में 10 फीट लंबा किंग कोबरा मिलने से मचा हड़कंप, सर्प मित्र ने सुरक्षित पकड़ा
दो दिन से घरों के आसपास घूम रहा था किंग कोबरा, लोगों में बना हुआ था भय का माहौल
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। क्षेत्र के बुल्लावाला गांव में पिछले दो दिनों से घरों के नजदीक घूम रहे करीब 10 फीट लंबे किंग कोबरा सांप को सर्प मित्र भारत भूषण कौशल ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। सांप की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गांव बुल्लावाला निवासी मंगल रौथाण और विनोद ने किंग कोबरा दिखाई देने की सूचना सर्प मित्र भारत भूषण कौशल को दी। सूचना मिलते ही डोईवाला निवासी भारत भूषण कौशल मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी के साथ सांप का रेस्क्यू किया। इसके बाद किंग कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
करीब 10 फीट लंबे किंग कोबरा के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सर्प मित्र के नाम से क्षेत्र में प्रसिद्ध भारत भूषण कौशल वन्यजीवों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के कार्य में सक्रिय रहते हैं।
ग्रामीणों से अपील: यदि किसी के घर या आसपास सांप दिखाई दे, तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूअर या संबंधित वन विभाग को सूचना दे।



