
नाना पाटेकर के निधन पर अखिल भारतीय किसान सभा ने जताया शोक, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम बोले—देश ने खोया बहुमुखी प्रतिभा का धनी महान अभिनेता
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, 9 अक्टूबर 2026। प्रख्यात अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत सहित उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। उनके निधन पर अखिल भारतीय किसान सभा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
किसान सभा के उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और बहुआयामी प्रतिभा के दम पर देशभर में अलग पहचान बनाई। उन्होंने अनेक यादगार भूमिकाओं के माध्यम से दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
जाहिद अंजुम ने कहा कि नाना पाटेकर केवल एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और नेकदिल इंसान भी थे। उनका व्यक्तित्व और अभिनय हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उनके निधन से कला और सिनेमा जगत ने एक ऐसी शख्सियत खो दी है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
इस दौरान शोक व्यक्त करने वालों में किसान सभा के अध्यक्ष बलवीर सिंह, सचिव याकूब अली, मलकीत सिंह, अकरम, अनूप पाल, जसवीर सिंह, प्रेमपाल, साधुराम, सत्य प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया ।



