
*CBRN प्रतियोगिता में एसडीआरएफ उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन, नॉर्थ जोन में प्राप्त किया प्रथम स्थान*
भास्कर इंडिया लाइव
उत्तराखंड पुलिस की आपदा प्रबंधन क्षमता, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसडीआरएफ उत्तराखंड ने भटिंडा में आयोजित रीजनल लेवल CBRN (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रीजनल प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश की कुल पाँच टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें एसडीआरएफ उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड एसडीआरएफ की 19 सदस्यीय टीम ने उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। टीम में उप निरीक्षक पुष्कर सिंह जीना ने सेफ्टी ऑफिसर के रूप में अपना दायित्व निभाया। टीम के सदस्यों ने कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन, बेहतर समन्वय एवं तकनीकी दक्षता के बल पर यह सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीम में उप निरीक्षक संतोष परिहार, उप निरीक्षक पुष्कर सिंह जीना, हेड कांस्टेबल उमेश भट्ट, कांस्टेबल नीरज परगई, कांस्टेबल प्रदीप लसियाल, कांस्टेबल हरीश गोस्वामी, हेड कांस्टेबल नवीन कुँवर, कांस्टेबल संदीप रावत, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल बृजेश चंद्र, हेड कांस्टेबल रोबिन सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमंत सिंह, कांस्टेबल गुड्डू कुमार, कांस्टेबल गब्बर सिंह, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल सागर कुमार एवं कांस्टेबल जगजीत सिंह शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष आयोजित इसी प्रतियोगिता में एसडीआरएफ उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेते हुए टीम ने इस बार प्रथम स्थान हासिल करने के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया है।
रीजनल लेवल पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी, जहाँ नवंबर माह में अन्य जोन से विजयी टीमों के साथ कम्पटीशन किया जाएगा। टीम का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करना तथा उत्तराखंड पुलिस एवं उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित करना है।



