
डोईवाला महाविद्यालय में योग एवं आत्मरक्षा दिवस पर नशामुक्ति का संदेश
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, रक्तदान के लिए भी किया प्रेरित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में योग एवं आत्मरक्षा दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योगाभ्यास, नशामुक्ति का संदेश, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक तथा आत्मरक्षा की बुनियादी और सुरक्षित तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवेश भट्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से नाट्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अब तक 152 बार रक्तदान कर चुके हैं। अपने इस अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को रक्तदान और समाजसेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. शिवकुमार लाल ने विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजली वर्मा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. वल्लरी कुकरेती, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता डॉ. पूनम रावत, योगाचार्य अमित नेगी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के गणेश बलूनी, नशामुक्ति समिति की सदस्य डॉ. पूनम भूषण, डॉ. चंद्रावती टम्टा, डॉ. गुलनाज फातिमा, डॉ. पुष्पा नेगी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।