
जिला योजना समिति चुनाव की तस्वीर साफ, अब दो प्रत्याशियों में सीधा मुकाबला
प्रदीप नेगी और रियासत अली के बीच होगा मुकाबला, 16 अक्टूबर को डोईवाला तहसील में मतदान और मतगणना
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल।
जिला योजना समिति के चुनाव में नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ हो गई है। चुनाव मैदान में उतरे तीन प्रत्याशियों में से जमना देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद अब भाजपा प्रत्याशी प्रदीप नेगी और रियासत अली के बीच सीधा मुकाबला होगा।
जिला योजना समिति के चुनाव के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच में तीनों के पर्चे वैध पाए गए थे। बुधवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमना देवी के चुनाव मैदान से हटने से मुकाबला दो प्रत्याशियों तक सिमट गया है।
चुनाव के लिए शुक्रवार, 16 अक्टूबर को डोईवाला तहसील में मतदान कराया जाएगा। इसमें नगर पालिका परिषद डोईवाला के निर्वाचित 20 सभासद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।



