
सिंचाई नहर के किनारे रेलिंग लगाने का ग्रामीणों ने किया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने जताई नहर की सफाई और खेतों तक पानी पहुंचाने में बाधा आने की आशंका, प्रस्तावित कार्य रोकने की मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। माजरीग्रांट में सिंचाई नहर के किनारे रेलिंग लगाने के प्रस्तावित कार्य का जल योजना कमेटी और ग्रामीणों ने विरोध किया है। कमेटी अध्यक्ष दयाराम पाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित कार्य पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि कालूवाला, संगतियावाला, कांडरवाला, भानियावाला, अठूरवाला, जीवनवाला, माजरीग्रांट और शेरगढ़ तक जाने वाली यह सिंचाई नहर क्षेत्र के किसानों के लिए पानी का एकमात्र प्रमुख माध्यम है। कमेटी की ओर से समय-समय पर जेसीबी मशीन के माध्यम से नहर की सफाई कराई जाती है, जिससे पानी का प्रवाह सुचारू बना रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर के किनारे रेलिंग लगाए जाने से जेसीबी मशीन से सफाई कराने में परेशानी होगी। इससे नहर में गंदगी जमा होने और पानी का प्रवाह बाधित होने की आशंका है। नहर की सफाई प्रभावित होने से खेतों तक पानी पहुंचाने में भी दिक्कत आएगी, जिसका सीधा असर किसानों की खेती और फसलों पर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रेलिंग निर्माण कार्य को रोकने और नहर की सफाई व सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में हरपाल सिंह, शमशेर सिंह, अनूप पाल,सुशील कुमार, देवेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।