
जन्मदिन को प्रकृति से जोड़ा, दिव्या ने किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर रेडियंट पब्लिक स्कूल परिसर में लगाए कई पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिव्या ने अपने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए रेडियंट पब्लिक स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने केक काटने के बजाय पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
दिव्या ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। यदि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को समाज और प्रकृति के हित से जोड़ा जाए, तो उनका महत्व और भी बढ़ जाता है। पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाते हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के खास पलों को प्रकृति से जोड़ दे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य हंसी अधिकारी, अमित कुमार, अनुकृति, भूपेंद्र कुमार, ईलिमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



