
योग दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली गई योग जागरूकता रैली
मेडिकल कॉलेज व विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला — 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की पूर्व संध्या पर हिमालयीय आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज एवं स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जी.एस. इंदौरिया एवं विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर राकेश सुन्द्रियाल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। योग को नियमित दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से स्वस्थ रह सकता है।
योग जागरूकता रैली कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, इंटर्न प्रशिक्षु एवं प्रशासनिक स्टाफ शामिल रहे। प्रतिभागियों ने हाथों में योग से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को प्रतिदिन योग करने के लाभों के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, तनाव से मुक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी यह सहायक है। रैली में शामिल लोगों ने नागरिकों से 21 जून को थानों क्षेत्र स्थित लेखक गांव परिसर में आयोजित मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में स्वस्थवृत्त विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर निशांत राय जैन, डॉ. भाग्यलक्ष्मी, विश्वविद्यालय के योग विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन भट्ट, डॉ. आशीष डोभाल, डॉ. गजानंद सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। प्रशासनिक व्यवस्थाओं में परिसर निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल के साथ स्टाफ सदस्य जितेंद्र कुमार, नवीन पोखरियाल, राकेश सैनी, जीवन, अमरजीत सिंह, अंकित एवं हेमंत सहित अन्य कर्मचारीगण भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।



