
श्रमिकों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा – सुभाष भट्ट
डोईवाला शुगर मिल निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से संवाद, गन्ना किसानों के शत-प्रतिशत भुगतान को बताया सरकार की बड़ी उपलब्धि
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला— प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति के नवनियुक्त सदस्य सुभाष भट्ट ने डोईवाला शुगर मिल पहुंचकर चीनी मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान मिल के अधिशासी निदेशक डी.पी. सिंह ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान सुभाष भट्ट ने मिल में कार्यरत श्रमिकों व कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और इनके समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे। कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाया जाएगा। कहा कि श्रमिक और किसान दोनों ही शुगर मिल की रीढ़ हैं, इसलिए उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्तर पर नहीं होने दी जाएगी। मिल प्रबंधन और प्रशासन के समन्वय से समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
सुभाष भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश में गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे डोईवाला क्षेत्र के किसानों को भी सीधा लाभ मिला है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने को किसान हित में बड़ा कदम बताया।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान सरकार की बड़ी उपलब्धि है। शुगर मिल के श्रमिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है और जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी निदेशक डी.पी. सिंह ने कहा कि मिल प्रबंधन किसानों और श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गन्ना भुगतान समयबद्ध रूप से किया गया है और निरीक्षण के दौरान उठाई गई श्रमिकों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई कर मिल की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाया जाएगा।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा संजय चौहान, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, चंद्रभान पाल, सौरव पाल, आदेश पवार, मनीष छेत्री, गौरी रावत, पूनम रावत, करण रावत, गौरव रावत, पवन सैनी, सुषमा चौधरी, अरविंद शर्मा, सुशील जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता,मिल अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



