
पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्र पदाधिकारियों का चयन, वरदान थापा बने हेड बॉय और ईशिका चौधरी हेड गर्ल
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड तथा अनुशासन प्रमुखों का चयन किया गया। चयनित छात्र-छात्राओं को उनके दायित्वों के प्रति निष्ठा और विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कक्षा 12 के छात्र वरदान थापा को हेड बॉय तथा ईशिका चौधरी को हेड गर्ल का दायित्व सौंपा गया। वहीं रोहित कुमार, गिरिजा यादव और आरूशा परवीन को वाइस हेड की जिम्मेदारी दी गई। अनुशासन प्रमुख के रूप में सोफिया, कल्पना, आदिबा, गौरी और आर्यन सहित अन्य छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था को बेहतर बनाने और अनुशासन बनाए रखने में छात्र पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने
चयनित पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छात्र नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और नेतृत्व के गुणों से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य आलोक जोशी सहित अश्वनी गुप्ता, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, अवधेश सेमवाल, राधा गुप्ता, तेजवीर सिंह और विवेक बधानी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



