
गन्ने का भाव ₹700 प्रति कुंतल करने की मांग, किसान सभा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला 9सितंबर चमन लाल।
गन्ना समिति के किसान भवन में बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा डोईवाला मंडल की बैठक हरबंस सिंह गुरुजी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली और संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह उर्फ ताज ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
शिवप्रसाद देवली ने कहा कि महंगाई और कृषि लागत बढ़ने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आगामी पेराई सत्र 2026-27 से पहले गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 प्रति कुंतल घोषित करने की मांग की।
ताजेंद्र सिंह ने कहा कि जंगली हाथियों सहित अन्य वन्यजीवों से किसानों की फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। किसान सभा गांव-गांव जाकर फसल क्षति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी।
बैठक के बाद किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने डोईवाला गन्ना मिल के नवनियुक्त अधिशासी निदेशक से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और गन्ने का भाव ₹700 प्रति कुंतल करने की मांग को लेकर गन्ना मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान सभा ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर किसानों के हित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में बलबीर सिंह, याकूब अली, मलकीत सिंह, अनूप कुमार पाल, जसवीर सिंह, सरजीत सिंह सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



