हड्डी, नस, त्वचा व बालों की समस्याओं के मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। मिस्सरवाला स्थित ऑर्थो एंड स्किन क्लिनिक के तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।
शिविर में हड्डी, नस, त्वचा और बालों से संबंधित समस्याओं से परेशान मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर संयोजक डॉ. गौरांग अग्रवाल ने कहा कि गलत खान-पान और बदलती जीवनशैली के कारण हड्डियों से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं। पौष्टिक आहार और समय पर उचित उपचार से इन समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। शिविर में डॉ. दीक्षा गुप्ता और डॉ. पारुल शर्मा ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान टीना राय, मनोज सैनी, शेरूननिशा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।



