
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया महापुरुषों को नमन
विचार गोष्ठी में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को किया याद
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर कांग्रेस कमेटी जौलीग्रांट की ओर से ऋषिकेश रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और आजादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश की एकता, आत्मनिर्भरता और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशसेवा, सादगी और त्याग का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में प्रदेश सेवादल उपाध्यक्ष बिट्टू चौहान, शार्दूल नेगी, चंद्रप्रकाश काला, बालू सजवान, नगर महासचिव प्रवीण सैनी, नंदन नेगी, रोहित नेगी, साजिद अली, मनोज रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



