डोईवाला में 36वां भव्य दशहरा मेला, 55 फीट के रावण का होगा दहन
45 फीट ऊंचा मेघनाथ और सोने की लंका रहेंगे आकर्षण का केंद्र, शाम पांच बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल/विक्रांत वर्मा। मंगलवार को पात्र दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति डोईवाला की ओर से विजयदशमी के अवसर पर भव्य दशहरा मेला एवं रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति पिछले 36 वर्षों से इस आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दे रही है। इस वर्ष मेले में 55 फीट ऊंचा रावण, 45 फीट ऊंचा मेघनाथ और सोने की लंका विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा श्रीमती रुचि भट्ट, रामेश्वर हवेलियां, धीरेंद्र सिंह पवार, गौरव सिंह चौधरी, नरेंद्र सिंह नेगी, सागर मनवाल और मोहित उनियाल , हरिश्चंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
मंगलवार शाम पांच बजे बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा प्रेमनगर बाजार से शुरू होगी। शोभायात्रा मिल रोड से होते हुए डोईवाला चौक पहुंचेगी। इसके बाद ऋषिकेश रोड स्थित गोवर्धन मंदिर से होते हुए केशवपुरी पार्क मैदान पहुंचेगी। मैदान में रात आठ बजे भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया जाएगा, जबकि रात नौ बजे रावण दहन होगा।
समिति के राजेंद्र वर्मा एवं रामेश्वर लोधीने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी दशहरा मेले को भव्य रूप देने की तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि रावण की भूमिका कई वर्षों से समाजसेवी अजय जायसवाल निभा रहे हैं। वहीं, मोहित राम, श्याम सुंदर सीता और मोहन हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।
समिति ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर विजयदशमी पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की है।