
किसान सभा की बैठक में 23 अक्टूबर के धरने को सफल बनाने का आह्वान
SIR समाप्त करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर गांधी पार्क में होगा प्रदर्शन
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, 21 अक्टूबर चमनलाल ।
अखिल भारतीय किसान सभा डोईवाला मंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सहकारी गन्ना विकास समिति डोईवाला के किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक में 23 अक्टूबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देहरादून के गांधी पार्क में होने वाले धरने को सफल बनाने के साथ ही संगठन की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने की, जबकि संचालन याकूब अली ने किया।
बैठक में अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली, प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाधर नौटियाल और जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली ने बताया कि हरियाणा के करनाल में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की केंद्रीय कमेटी की बैठक में 23 अक्टूबर को देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और धरने आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से SIR समाप्त करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग उठाई जाएगी। देहरादून में गांधी पार्क पर सुबह 11 बजे से धरना आयोजित होगा।
उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की छठवीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 नवंबर को केंद्र सरकार की कथित वादाखिलाफी के विरोध में देशव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, बिजली बिल-2025 और बीज विधेयक-2025 को वापस लेने सहित अन्य मांगें उठाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में होने वाले आंदोलन को भी किसान सभा समर्थन देगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाधर नौटियाल ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम गायब होने के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि 23 अक्टूबर को गांधी पार्क में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरने को सफल बनाएं।
जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी और मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने भी संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले होने वाले आंदोलनों को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में किसान सभा की भागीदारी की बात कही।
बैठक के अंत में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से जारी बयान में किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा और समाजवादी पार्टी के नेता फुरकान अहमद कुरैशी ने भी किसानों से 23 अक्टूबर के धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि आगामी आंदोलनों को मजबूती से लड़ा जा सके।
वहीं, फुरकान अहमद कुरैशी ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के नाते किसानों के आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने डोईवाला से बड़ी संख्या में लोगों को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में शामिल कराने की बात कही।
बैठक में जाहिद अंजुम, मलकीत सिंह, जसबीर सिंह, बिंदा भाई और सरजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे। इस अवसर पर गुरचरण सिंह, जगजीत सिंह, प्रेम सिंह पाल, हरबंश सिंह, नरेंद्र सिंह, हुसन बीबी, गुलाम अली, खातून बीबी और गुलाम हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



