
डॉ. विजय धस्माणा ने किया केंद्र का उद्घाटन, विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आत्मचिंतन, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक संवाद के लिए किया प्रेरित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, 27 अक्टूबर। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) ने महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय में मंगलवार को ‘वेलबीइंग@एसआरएचयू’ सेंटर का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों को अपनी भावनाएं समझने, मन की बात साझा करने और आवश्यकता पड़ने पर सहयोग प्राप्त करने के लिए सहज एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएगा।
स्वामी राम सेंटर (एसआरसी) में स्थापित इस केंद्र का औपचारिक शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को इस पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच प्रत्येक व्यक्ति को अपने लिए समय निकालना चाहिए और आत्मचिंतन के माध्यम से अपनी भावनाओं तथा विचारों को समझने का प्रयास करना चाहिए।
‘लाइफ का कंपास’ से मिलेगी जीवन को सही दिशा
डॉ. विजय धस्माणा ने ‘लाइफ का कंपास’ की अवधारणा को इस पहल का मूल भाव बताते हुए कहा कि जिस प्रकार कंपास हमें सही दिशा दिखाता है, उसी प्रकार आत्म-जागरूकता और सकारात्मक संवाद जीवन की चुनौतियों को समझने तथा उनका सामना करने में सहायक हो सकते हैं। स्वयं को समझना और अपनी भावनाओं के प्रति सजग रहना आंतरिक संतुलन बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और कार्यस्थल के वातावरण में मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी भावनाओं को सहजता से व्यक्त करने, आत्मचिंतन करने और जरूरत के समय सहयोग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
समग्र स्वास्थ्य पर रहेगा जोर
परम पूज्य डॉ. स्वामी राम के मूल्यों से प्रेरित ‘वेलबीइंग@एसआरएचयू’ पहल स्वास्थ्य की समग्र अवधारणा को रेखांकित करती है। इसके तहत शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता और आंतरिक कल्याण के महत्व पर भी जोर दिया गया है।
विश्वविद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए ऐसा सकारात्मक वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहां वे अपनी भावनाओं को समझने, संवाद करने और अपने समग्र स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित हो सकें।
इस अवसर पर डायरेक्टर ऑपरेशंस साधना मिश्रा, डिप्टी डायरेक्टर मनोरंजनी सहित अन्य लोग मौजूद



