
एमडीडीए के नोटिस से छोटे व्यापारियों में चिंता, कार्रवाई रोकने की मांग
30 साल से दुकानें चला रहे व्यापारियों की आजीविका पर संकट का हवाला, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमनलाल।
डोईवाला नगर क्षेत्र में लंबे समय से दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे छोटे व्यापारियों को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से नोटिस जारी किए जाने का मामला गरमा गया है। नोटिस से व्यापारियों की आजीविका पर संकट की आशंका जताते हुए मंगलवार को नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम उप जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एमडीडीए की कार्रवाई पर रोक लगाने तथा मामले में उचित समाधान निकालने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि डोईवाला क्षेत्र में कई छोटे दुकानदार और व्यापारी पिछले करीब 30 वर्षों से अपनी दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। इन दुकानों से न केवल व्यापारियों की आजीविका जुड़ी है, बल्कि उनके परिवारों का भरण-पोषण भी इसी आय पर निर्भर है। ऐसे में एमडीडीए की ओर से नोटिस जारी होने से व्यापारियों के सामने रोजगार छिनने और आर्थिक संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि लंबे समय से व्यवसाय कर रहे छोटे व्यापारियों की परिस्थितियों और उनके परिवारों की आजीविका को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। उन्होंने मांग की कि मामले का उचित समाधान होने तक प्राधिकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि छोटे व्यापारियों को राहत मिल सके।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छोटे दुकानदार स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके हितों की रक्षा करते हुए ऐसा रास्ता निकाला जाना चाहिए, जिससे व्यापारियों की आजीविका भी सुरक्षित रहे और समस्या का समाधान भी हो सके।
इस मौके पर भाजपा नेता दरपान सिंह बोरा, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सभासद रविंद्र बेलवाल, सभासद सुरेश सैनी, विनीत राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



