रानीपोखरी मौजा में रात्रि चौपाल, 18 शिकायतें दर्ज
अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण, शेष शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को समयसीमा तय
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल ।ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विकासखंड डोईवाला की ग्राम पंचायत रानीपोखरी मौजा में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में दर्जाधारी राज्य मंत्री धीरेंद्र पंवार भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 18 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
भूमि विवाद और बिजली कनेक्शन समेत कई समस्याएं उठाईं
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, अन्य मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
गांव में ही समस्याओं के समाधान की पहल
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। रात्रि चौपाल के माध्यम से न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, बल्कि विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रानीपोखरी मौजा अरुणा भंडारी, ग्राम प्रधान बड़कोट दीक्षा भट्ट, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी, निदेशक ग्राम विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




