
कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित हुईं सात मेधावी विद्यार्थियों की माताएं
पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में सम्मान समारोह आयोजित, माताओं को माला पहनाकर सौंपे गए धनराशि के चेक
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला विक्रांत वर्मा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की सफलता में माताओं के योगदान को सम्मान देते हुए पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में शनिवार को कमला नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यालय के सात मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं रंजना रावत, अंजलि थापा, मंतशा खातून, दिव्यम गिरि गोस्वामी, बुशरा, शिफा और आरूशा परवीन की माताओं हेमंती रावत, लक्ष्मी थापा, छोटी, किरन, नसरीन बानो, परवीन खातून और शबनम को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुरस्कार राशि के चेक भी सौंपे गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि कमला नेहरू पुरस्कार के माध्यम से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की माताओं को सम्मानित किया जाता है। यह पुरस्कार बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों में माताओं के योगदान और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सात विद्यार्थियों ने वर्ष 2025-26 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।
वरिष्ठ शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में माता-पिता की अहम भूमिका होती है। बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में माताओं का विशेष योगदान रहता है। ऐसे में उनकी उपलब्धियों और योगदान का सम्मान करना सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर रत्नेश द्विवेदी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, सुदेश सहगल, पूजा जोशी, राधा गुप्ता, श्यामानंद, तेजवीर सिंह, गौरव रावत, अर्चना पाल, अनीता बलोदी, विदुषी, आफरीन अंसारी, चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा और श्रीपाल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे



