
गांधी पार्क में संयुक्त किसान मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, एसआईआर पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़ने की उठाई मांग
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून विक्रांत वर्मा -शुक्रवार23अक्टूबर2026
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा, देहरादून ने शुक्रवार को गांधी पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसान नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़कर मताधिकार बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने से नागरिकों के मताधिकार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों के लिए चिंताजनक बताते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए रखने की मांग की।
ज्ञापन में रखीं चार प्रमुख मांगें
संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके विरुद्ध अभियोग चलाकर उचित सजा देने तथा प्रक्रिया के दौरान कथित अनियमितताओं के चलते मतदाता सूची से हटाए गए सभी मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल कर उनका मताधिकार बहाल करने की मांग की।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में भी बदलाव की मांग की गई। मोर्चा ने कहा कि नियुक्ति प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश की सहमति से की जानी चाहिए, ताकि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
किसान नेताओं ने किया धरने का नेतृत्व
गांधी पार्क में आयोजित धरने की अध्यक्षता किसान सभा के उत्तराखंड राज्य अध्यक्ष शिव प्रसाद देवली ने की, जबकि संचालन किसान सभा के जिला मंत्री पुरुषोत्तम बडोनी ने किया। धरने का समापन किसान सभा के डोईवाला मंडल अध्यक्ष सरदार बलबीर सिंह ने किया।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राजू तोमर, संजना चौधरी और साहिल सिद्दीकी; समाजवादी किसान संगठन के फुरकान अहमद, अतुल शर्मा, हेमा बोरा और हुसैन अहमद तथा किसान सभा के राजेंद्र पुरोहित, सुरेंद्र सिंह सजवान, याकूब अली, प्रदीप कुमार, ऐना देवी, दीपक, लक्षित, राजेश्वर सिंह, जाहिद हसन, मलकीत सिंह और इस्लाम अली सहित अन्य किसान नेताओं ने प्रदर्शन को संबोधित किया।
धरने में बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। किसान नेताओं ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया



