
अग्निवीर योजना के खिलाफ गरजे कर्नल रोहित चौधरी, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
भास्कर इंडिया लाइव
अग्निवीर आक्रोश यात्रा के लिए देहरादून पहुंचे कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष
डोईवाला/देहरादून। चमन लाल
अग्निवीर योजना की कमियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर कांग्रेस का अभियान तेज होता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी के “अग्निवीर आक्रोश यात्रा” के तहत देहरादून पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन और पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
सेना का मनोबल और प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत होना जरूरी : कर्नल चौधरी
स्वागत के बाद कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सेना का मनोबल, प्रशिक्षण और संगठनात्मक ढांचा मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में कई गंभीर खामियां हैं, जिनके चलते युवाओं के भविष्य, उन सैन्य प्रशिक्षण की निरंतरता और सशस्त्र बलों की दीर्घकालिक क्षमता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सैनिकों, पूर्व सैनिकों और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। अग्निवीर योजना की कमियों को दूर करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
उत्तराखंड के युवाओं का सेना से विशेष जुड़ाव : मोहित उनियाल
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कर्नल रोहित चौधरी का देहरादून आगमन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उत्तराखंड वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों की भूमि है तथा प्रदेश के युवाओं का सेना के साथ वर्षों पुराना भावनात्मक जुड़ाव रहा है। ऐसे में सेना भर्ती और अग्निवीर योजना से जुड़े मुद्दे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष महेश कुकरेती ने कहा कि कांग्रेस सैनिकों और युवाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं रोजगार के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष एस.पी. बहुगुणा, दुर्गा थापा, राजेंद्र बिष्ट, ध्यानेंद्र पंवार, सरजीत कृशाली, विजय गोस्वामी, जिला सचिव साहिल अली, आशिक अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



