
देवभूमि उद्यमिता योजना में चयनित छात्रों ने किया ‘Himalayan Wellness Tea’ का प्रदर्शन
IIM काशीपुर में उद्यमिता प्रशिक्षण के लिए रवाना होंगे महाविद्यालय के तीन छात्र
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, शनिवार 19 सितंबर 2026।
शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के तीन छात्रों का चयन देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत हुआ है। चयनित छात्र देवांश, चंद्र प्रकाश एवं अजय सिंह बिष्ट उद्यमिता प्रशिक्षण एवं कैंप में प्रतिभाग करने के लिए IIM काशीपुर रवाना होंगे।
प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पूर्व शनिवार को छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में अपने स्टार्टअप ‘Himalayan Wellness Tea’ का एक दिवसीय प्रचार एवं प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अपराजिता, तुलसी, लेमनग्रास और कंडाली जैसी स्थानीय एवं प्राकृतिक वनस्पतियों से तैयार हर्बल चाय उत्पादों की जानकारी दी।
छात्रों ने बताया कि स्टार्टअप का उद्देश्य स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते हुए स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. भट्ट ने छात्रों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश करने के साथ-साथ स्वयं रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में भी आगे बढ़ें।
इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार लाल, नोडल अधिकारी देवभूमि उद्यमिता योजना, प्रो. संगीता बहुगुणा, डॉ. नवीन कुमार नैथानी, डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. वल्लरी कुकरेती, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. वी.एस. पावर, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. पूरन सिंह खाती, डॉ. शरद त्रिपाठी, डॉ. गुलनाज फातिमा, डॉ. रीना सहित प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



